बीआर चोपड़ा के लोकप्रिय पौराणिक सीरियल ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नितीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका मानना है कि फिल्म में रावण के किरदार को जिस तरह से पेश किया जा रहा है, उससे भगवान विष्णु के अवतार लेने के मूल उद्देश्य पर ही असर पड़ सकता है।
रावण को बेहतर दिखाने पर क्या बोले नितीश?
एक इंटरव्यू में नितीश भारद्वाज ने कहा कि अगर फिल्म में रावण को एक शानदार इंसान और बेहतरीन व्यक्तित्व के रूप में दिखाया जाता है, तो फिर भगवान राम के अवतार लेने और रावण के वध के औचित्य पर ही सवाल खड़े हो जाएंगे।
उन्होंने इस चित्रण के पीछे किसी खास एजेंडे की आशंका भी जताई है। उनके मुताबिक, रामायण जैसी सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत से जुड़ी कथा को पेश करते समय उसके मूल भाव और धार्मिक महत्व से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।
नई पीढ़ी पर क्या होगा इसका असर?
नितीश ने फिल्म के पहले और दूसरे भाग के बीच के अंतर को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि फिल्म का दूसरा हिस्सा करीब दो साल बाद रिलीज होगा। ऐसे में जो युवा दर्शक पहली बार इस कहानी से जुड़ेंगे, वे पहले पार्ट में रावण के किरदार से प्रभावित हो सकते हैं।
जब दूसरे भाग में भगवान राम द्वारा रावण का वध दिखाया जाएगा, तो नए दर्शकों के मन में असमंजस पैदा हो सकता है। उनके अनुसार, इससे कहानी के नायक और खलनायक की पारंपरिक छवि उलटी पड़ सकती है और दर्शक राम को गलत मान सकते हैं।
निर्माताओं से किस जिम्मेदारी की उम्मीद?
अभिनेता का कहना है कि पौराणिक कथाओं को पर्दे पर उतारते समय फिल्मकारों को अत्यधिक सतर्कता बरतनी चाहिए। यह विषय सिर्फ सिनेमाई मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि किरदारों में बदलाव करते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि मूल कथा का मुख्य संदेश और भगवान राम के अवतार का महत्व कमजोर न पड़े।





