नसीराबाद शहर एवं निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में मंगलवार को दिनभर तेज धूप और उमस के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में काले और घने बादल छा गए। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने लगीं। बादलों को देखकर लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद जगी, लेकिन तेज हवा के कारण बादल कुछ समय के लिए आगे बढ़ते नजर आए, जिससे बारिश की संभावना को लेकर लोगों में मायूसी छा गई। इसी बीच मौसम ने अचानक अपना रुख बदला और कुछ ही देर बाद तेज बौछारों के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते सड़कों पर पानी बहने लगा। अचानक हुई बारिश के कारण बाजारों एवं सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई तथा वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन भी प्रभावित रहा। बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत पहुंचाई। दिनभर गर्मी से परेशान लोगों ने बारिश के बाद मौसम में आई ठंडक का आनंद लिया। कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और प्रतिष्ठानों की आड़ लेते नजर आए, वहीं बच्चे और युवा बारिश का लुत्फ उठाते दिखाई दिए। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से वातावरण सुहावना हो गया।
नसीराबाद में मौसम ने बदला मिजाज

राज्य समाचार की और खबरें
सभी खबरेंराज्य समाचार
खाचरियावास ने BJP सरकार पर साधा निशाना
राज्य समाचार




